शादी की खुशियां मातम में बदली, नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव

बोकारो। झारखण्ड के बोकारो जिला स्थित गोमिया में एक ओर जहां घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर छोटे भाई की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुसको कर्बला मैदान के पास जंगल में चतरोचट्टी रविदास टोला निवासी जमुना रविदास के छोटे बेटे सतीश कुमार रविदास (18) का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय था।घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और मंगल गीत गाए जा रहे थे।लेकिन इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियां छीन ली।युवक की अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि शनिवर की अहले सुबह गांव की महिलाएं जब महुआ चुनने जंगल गईं, तो सबसे पहले उन्हीं लोगों ने शव को पेड़ से लटका देखा।इसके बाद हो हल्ला करना शुरू किया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई और घटना की सूचना स्थानीय चतरोचट्टी थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले मृतक के परिजनों ने शव को पेड़ से उतार लिया था।घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो युवक की जेब से गांजा और कफ सिरप की दो छोटी बोतल बरामद हुई है।वहीं, एक स्मार्ट फोन, घटना प्रयुक्त नई रस्सी को भी बरामद किया है।
पिता जमुना रविदास, मां सुमन देवी के द्वारा हत्या जैसी घटना से इनकार के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या नहीं।

