रामगढ़ के पतरातू में ओसम मिल्क प्लांट पर फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने लिया जिम्मा
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिला के पतरातू स्थित ओसम मिल्क प्लांट में शनिवार की सुबह अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी।वहीं इस गोलीबारी घटना की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे ने ली है।सोशल मीडिया पर जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में गैंग की ओर से यह जानकारी दी गई है।जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब 6:00 बजे बाइक सवार अपराधियों ने प्लांट को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन गोली छक्के की घटना से इलाके में भारी दहशत का माहौल है।
गैंग की तरफ से जारी किए गए प्रेस रिलीज में गिरोह ने स्पष्ट रूप से मिल्क प्लांट के मालिक अनिरुद्ध को निशाने पर लिया है।पोस्ट में लिखा गया है कि यह फायरिंग केवल एक चेतावनी थी।अपराधियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही मैनेज नहीं किया गया तो अगला हमला सीधे जान लेने के लिए होगा। गैंग ने चेतावनी दी है कि उनके निशाने पर केवल प्लांट ही नहीं बल्कि मालिक का घर और परिवार भी है।पोस्ट में अन्य लोकेशंस पर स्थित प्लांट और घर पर बमबाजी करने की भी बात कही गई है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर खोखे बरामद किए हैं। पुलिस मामले की सत्यता और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है।आगे की कार्रवाई जारी है।

