Ranchi: मदद के बहाने 20 लाख के गहने ले उड़ा ठग , मंदिर से लौट रही महिला को बनाया निशाना, बातों में उलझाकर किया बेहोश…
राँची।राजधानी में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मदद के नाम पर एक युवक ने 56 वर्षीय महिला से करीब 20 लाख रुपए के गहने ठग लिए। घटना लालपुर थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़िता ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता रिमझिम गुप्ता (56), निवासी बैंक कॉलोनी, कोकर ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर से निकली थीं। वह पहले बर्दवान कंपाउंड स्थित काली मंदिर में पूजा करने गईं और इसके बाद लालपुर चौक स्थित हनुमान मंदिर पहुंचीं। उन्होंने अपनी स्कूटी पास के पेट्रोल पंप में खड़ी की और पूजा-अर्चना की। मंदिर से लौटने के दौरान करीब 25 वर्षीय एक युवक ने उनसे मदद मांगी। युवक ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं हैं और उसे मुरी जाना है। महिला उसे मदद के लिए पास के ऑटो स्टैंड तक ले गईं।
इसी दौरान युवक ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया और वे उसके साथ बाजार की ओर बढ़ती चली गईं। महिला के अनुसार, इसके बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं है। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उनके शरीर से सभी कीमती गहने गायब थे। ठग उनके गले और हाथों से सोने के जेवर लेकर फरार हो चुका था। चोरी हुए गहनों में एक रुद्राक्ष सोने की चेन, दो सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी बैंगलोरी बाली (एयर चेन के साथ) और दो सोने की अंगूठियां शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। घटना दोपहर 12:30 बजे से 1:15 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान में जुटी है।

