Ranchi:लूट की साजिश नाकाम, हथियार के साथ 5 अपराधी गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की साजिश को नाकाम कर दिया है।लापुंग और ईटकी थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि-विरुद्ध किशोर भी शामिल है।गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
बताया गया कि 29 मार्च की रात करीब 9 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से बेड़ो से लापुंग की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसपी ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा, जिनकी तलाशी में एक देसी कट्टा और चोरी की बाइक बरामद हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते हैं और पहले भी धुर्वा इलाके में वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईटकी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर हथियार सप्लायर श्रवण सिंह, सुका उरांव और चारो मिंज को भी गिरफ्तार किया है।इनके पास से एक सिक्सर और एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आशीष उरांव पर हत्या, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं श्रवण सिंह भी हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।

