ट्रैक्टर पलटने से चालक और मजदूर की मौत,बालू लोड करने नदी जा रहा था

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदिया पंचायत के सिताकोहबर गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर मयूराक्षी नदी से बालू लोड के लिए जा रहा था।इसी दौरान रास्ते में अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार चालक और मजदूर उसके नीचे दब गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 20 वर्षीय कमल सोरेन (पिता– किरण सोरेन) और 38 वर्षीय परमेश्वर मरांडी (पिता– स्व. चंदन मरांडी), दोनों निवासी जरूवाडीह, पंचायत बेदिया के रूप में की गई है।बताया जाता है कि दोनों रोजमर्रा की तरह मजदूरी और बालू ढुलाई के काम से जुड़े थे और घटना के समय भी कार्य पर ही निकले थे।

घटना की सूचना मिलते ही जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार और जेएसआई एतंकाब आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेज दिया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!