धनबाद में साइबर अपराध पर सख्ती की तैयारी, हाईटेक ट्रेनिंग से लैस होगी पुलिस…तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू..

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिला समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को हुई।कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर जिले के अलग-अलग थानों और शाखाओं से आए पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

डिजिटल युग में अपराध के तौर-तरीके तेजी से बदल रहे हैं। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंक फ्रॉड और डेटा हैकिंग जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस को भी अपडेट और तकनीकी रूप से दक्ष बनाना जरूरी हो गया है।इसी को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया है, जहां नई दिल्ली से आए साइबर एक्सपर्ट्स पुलिस अधिकारियों को तीन दिनों तक ट्रेनिंग देंगे। प्रशिक्षण में साइबर अपराध को पहचानने, डिजिटल एविडेंस जुटाने, ठगी के नए तरीकों को समझने और उनसे बचाव के उपायों पर खास फोकस रहेगा।

इसके अलावा आधुनिक तकनीक और टूल्स के इस्तेमाल की भी जानकारी दी जा रही है, ताकि पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सके और साइबर अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके। इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि धनबाद में साइबर क्राइम पर नियंत्रण और बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में साइबर थाना समेत धनबाद के सभी थानों के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इससे साइबर अपराध से निपटने की क्षमता और मजबूत होगी।ट्रेनिंग प्रोग्राम के बाद जितने भी पुलिस अधिकारी प्रशिक्षण ले रहे हैं, उनका टेस्ट भी लिया जायेगा।

error: Content is protected !!