दुमका:जुगाड़ गाड़ी की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर बांस लोड जुगाड़ गाड़ी की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोचीपाड़ा निवासी राहुल दास के रूप में हुई है जो एक ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। बताया जाता है कि रविवार रात वह किसी दोस्त के फोन पर घर से निकला था।

घटना की सूचना परिजनों को सुबह करीब 4:30 बजे मिली। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो राहुल मृत अवस्था में पड़ा था जिससे परिवार में कोहराम मच गया।हाल ही में राहुल की शादी हुई थी और बताया जा रहा है कि पत्नी गर्भवती है।आज उसे पत्नी को लेकर कोलकाता जाना था लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मृतक के भाई मुकेश ने आरोप लगाया कि हादसे के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल को अस्पताल पहुंचाकर लौट गई।उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में समय पर इलाज शुरू नहीं किया गया, जिससे राहुल की जान नहीं बच सकी।

परिजन अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि राहुल को अस्पताल कब लाया गया और इलाज कब शुरू हुआ।साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

घटना से आक्रोशित लोगों ने जेल रोड स्थित दुर्गा स्थान के पास सड़क जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।मौके पर प्रशासन लोगों को समझाने के बाद शान्त हुआ।हादसे के बाद उठे सवालों ने प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

error: Content is protected !!