जमशेदपुर:युवक पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर किया अधमरा,कई हिरासत में,घायल युवक की स्थिति गंभीर…
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर में टेल्को थानांतर्गत थीम पार्क गेट के पास बिरसानगर संडे मार्केट निवासी आदर्श सिंह पर बाइक और स्कूटी से आए दर्जनों युवकों ने चापड़, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया। घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है।पूरी घटना सीसीटीवी में कई हो गई है।पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सहित कई युवकों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, आयान नामक युवक ने मंगलवार शाम में आदर्श को फोन कर पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने थीम पार्क बुलाया।आदर्श अपने दो दोस्तों जोजो और युवराज के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा जैसे ही वह उतरा, पहले से तैयार बैठे आयान, मारुफ और उनके साथियों ने हमला बोल दिया। पहला वार चापड़ से उसकी गर्दन पर किया गया, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद तलवार से उसकी पीठ पर कई वार किये गये।इधर, क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने जब शोर सुना, तो वे हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े। भीड़ को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गये।घटना की सूचना पर पहुंची टेल्को और गोविंदपुर पुलिस ने घायल को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल और फिर टीएमएच पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मारुफ को हिरासत में लिया है, जबकि आयान और अन्य की तलाश जारी है। सुबह सुबह फिर कई लोगों को पुलिस ने उठाया है।पुलिस आदर्श के साथी जोजो और युवराज से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके। वहीं,सुबह मिली सूचना के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
घटना के पीछे एक प्रेम प्रसंग की रंजिश सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रकाशनगर की रहने वाली एक युवती का गोलमुरी निवासी आयान नामक युवक के साथ मेल-जोल था। आदर्श ने इसकी जानकारी युवती के पिता को दे दी थी।पिता के फटकार लगाने पर युवती ने आदर्श को फोन पर जान से मरवा देने की धमकी दी थी।आशंका लगायी जा रही है कि आयान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जानलेवा हमले की साजिश रची।
घायल युवक
आदर्श (18 वर्ष) ने हाल ही में प्राइवेट से इंटर (12वीं) की परीक्षा दी है।टीएमएच में उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, देर रात ऑपरेशन शुरू हो गया था। अत्याधिक रक्तश्राव के कारण ब्लड बैंक से चार बोतल खून मंगवाया गया।आदर्श के पिता संजय सिंह एक निजी संस्थान में गार्ड और मां टाटा मोटर्स के स्कूल में पियून हैं।

