बांका डबल मर्डर:राँची पुलिस की मदद से कुख्यात अपराधी सचिन सिंह होटल से गिरफ्तार, बांका पुलिस ने किया हॉफ एनकाउंटर..

 

राँची/बांका।बिहार के चर्चित बलिया संथाली टोला डबल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी सचिन सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हत्या के बाद फरार चल रहा कुख्यात अपराधी झारखण्ड की राजधानी राँची के स्टेशन रोड स्थित अमृत इन होटल में छिपकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राँची पुलिस की सतर्कता और बांका पुलिस की सटीक कार्रवाई ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

शुक्रवार को संयुक्त अभियान में आरोपी को गिरफ्तार किया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच बांका लाया गया। पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए बलिया संथाली टोला लेकर पहुंची।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी सचिन सिंह ने अचानक पुलिसकर्मियों से खुद को छुड़ाया और बरामद होने वाली लोडेड पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्काल आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सचिन सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले बांका सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।

हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद

एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोडेड पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

छह दिन पहले हुई थी सनसनीखेज वारदात

गौरतलब है कि बीते रविवार की शाम बलिया संथाली टोला के समीप अपराधियों ने गरीबपुर पंचायत के धर्मराय गांव निवासी गुंजन सिंह और सिट्टू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद मुख्य आरोपी सचिन सिंह और उसका साथी सोमनाथ सिंह फरार हो गए थे। इससे पहले पुलिस सोमनाथ सिंह को बेगूसराय के तेघड़ा से गिरफ्तार कर चुकी है।

राँची पुलिस की मुस्तैदी बनी बड़ी कामयाबी

इस पूरे ऑपरेशन में राँची पुलिस की भूमिका बेहद अहम रही। फरार अपराधी के राँची में छिपे होने की सूचना एसएसपी राकेश रंजन को मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर स्थानीय चुटिया पुलिस ने बांका पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को फ़िल्मी अंदाज में होटल से सुरक्षित गिरफ्तार कराया। यदि समय रहते यह कार्रवाई नहीं होती, तो आरोपी किसी अन्य राज्य में भी फरार हो सकता था। संयुक्त अभियान ने एक बार फिर साबित किया कि राज्यों के बीच बेहतर पुलिस समन्वय से बड़े से बड़े अपराधियों को भी कानून के शिकंजे में लाया जा सकता है।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी, हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और पुलिस पर फायरिंग के बाद की गई जवाबी कार्रवाई को बांका पुलिस इस चर्चित डबल मर्डर केस में बड़ी सफलता मान रही है।

​ज्ञात हो कि 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र में सरेआम दो युवकों, धर्मराय गांव निवासी गुंजन सिंह (34) और सिंधु कुमार (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मारे गए गुंजन सिंह का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही पुलिस की रडार पर था। फिलहाल, पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पहले गिरफ्तार अपराधी सोमनाथ सिंह

error: Content is protected !!