हाथियों के झुंड ने ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत

हजारीबाग।जिले। के विष्णुगढ़ प्रखंड के खरना पंचायत अंतर्गत बारा गांव में शुक्रवार देर रात हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान भुनेश्वर महतो (पिता स्व. मित्तल महतो) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय हाथियों का झुंड गांव के समीप पहुंच गया। इसी दौरान भुनेश्वर महतो उसकी चपेट में आ गये और हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये। सूचना वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को दे दी गयी है। ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही पर चिंता जताते हुए वन विभाग से स्थायी समाधान, गश्ती बढ़ाने तथा मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस व वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

