दुमका:मसानजोर के सरकारी गेस्ट हाउस में राँची के रहने वाले डॉक्टर की संदिग्ध मौत, बेड पर मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

राँची/दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के पर्यटन स्थल मसानजोर स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन (गेस्ट हाउस) में शनिवार सुबह एक चिकित्सक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है। वह राँची के बरियातू के निवासी थे और वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे।
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे मसानजोर
जानकारी के अनुसार, डॉ. मिंज शुक्रवार को अपने तीन दोस्तों—सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ मसानजोर घूमने आए थे। सभी लोग सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन के कमरा नंबर-1 और 2 में ठहरे थे।
सुबह नहीं खुली नींद, बेड पर मिला शव
शनिवार सुबह जब उनके साथी उन्हें जगाने पहुंचे तो डॉ. मिंज बेड पर अचेत पड़े मिले। शरीर पूरी तरह ठंडा हो चुका था और कोई हलचल नहीं हो रही थी। इसके बाद तत्काल मसानजोर थाना पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें डॉ. मिंज को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
पत्नी भी हैं डॉक्टर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डॉ. शशि दिनकर मिंज की पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी के अलावा उनकी दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार और चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।
रात में दोस्तों के साथ की थी पार्टी
पुलिस को दोस्तों ने बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। सुबह डॉ. मिंज मृत अवस्था में मिले। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत प्राकृतिक थी, हृदयाघात से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

