पशु तस्करी की सूचना पर पिस्का मोड़ में हंगामा, पशु लदा पिकअप दुर्घटनाग्रस्त; पशुओं को उतारकर लोगों ने वाहन फूंका…
राँची। राजधानी राँचीके पिस्का मोड़ इलाके में रविवार तड़के पशु तस्करी की सूचना के बाद जमकर हंगामा हो गया। पशुओं को लेकर जा रहा एक पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन में आग लगा दी। घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें उठने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, लोगों को सूचना मिली थी कि तीन वाहनों में अवैध रूप से मवेशियों को ले जाया जा रहा है। इसी सूचना के बाद कुछ लोग पिस्का मोड़ के पास पहुंचे और कथित तौर पर वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दो वाहन मौके से निकल गए, जबकि एक पिकअप वैन को रोकने के दौरान घटनाक्रम ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन के चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन एक स्कॉर्पियो से टकरा गया और अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पिकअप वैन आगे नहीं निकल सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन में लदे पशुओं को बाहर निकाला।
पशुओं को उतारने के बाद पिकअप में लगा दी आग
पिकअप वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने वाहन से पशुओं को बाहर निकाला और इसके बाद पिकअप वैन को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वाहन धू-धूकर जलने लगा और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना और पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को वहां से हटाया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से थाने में पूछताछ की जा रही है।
दमकल की टीम ने बुझाई आग
पिकअप वैन में आग लगाए जाने के बाद लपटें काफी तेज हो गई थीं। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद वाहन में लगी आग पर काबू पाया।
पशु तस्करी की सूचना पर पहुंचे थे लोग
बताया जा रहा है कि इलाके में तीन वाहनों से पशुओं को ले जाने की सूचना फैलने के बाद कुछ लोग, जिन्हें स्थानीय स्तर पर गौरक्षक बताया जा रहा है, वाहनों को पकड़ने के लिए पिस्का मोड़ पहुंचे थे। इसी दौरान वाहनों को रोकने की कोशिश हुई और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया।वहीं,वाहन में लदे पशुओं को पंडरा ओपी पुलिस को सौंप दिया गया।
हालांकि, पशु तस्करी की सूचना, वाहनों में वास्तव में कितने पशु थे और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मौके से फरार हुए दोनों वाहनों की भी तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन में पशुओं को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, वाहन कहां से आया था और पिकअप में आग लगाने की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

