पैसे देने से इनकार किया तो पिता पर टूटा बेटा, नेपाली छुरे से सिर पर किया वार; गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे
राँची। चुटिया थाना क्षेत्र के पावर हाउस चुटिया में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर 26 वर्षीय बेटे सोनू सिंह ने अपने 55 वर्षीय पिता नगेंद्र सिंह पर नेपाली छुरे से हमला कर दिया। हमले में नगेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।हालाँकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी सोनू को आज जेल भेज दिया है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच की है। नगेंद्र सिंह अपनी पत्नी बीणा देवी के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका बेटा सोनू सिंह घर पहुंचा और माता-पिता से पैसे मांगने लगा।पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सोनू ने माता-पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। इसी दौरान उसने घर में रखे नेपाली छुरे से पिता के सिर पर हमला कर दिया।
छुरे के वार से नगेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और वह खून से लथपथ हो गए। घटना के बाद घर में शोर मच गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।इसके बाद घायल नगेंद्र सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे के पूरे विवाद तथा मारपीट के क्रम की जांच की जा रही है।

