Jharkhand:राजधनवार के केंदुआ पंचायत के केंदुआ टोला से मंगलवार से गायब दो मासूम भाइयों का शव आज सुबह गांव के किनारे स्थित एक कुएं से मिला।

गिरिडीह।जिले के राजधनवार के केंदुआ पंचायत के केंदुआ टोला से मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे गायब दो मासूम भाइयों का नौ वर्षीय पवन साव एवं सात वर्षीय पियुष कुमार का शव गुरुवार की सुबह गांव के किनारे स्थित एक कुएं से मिला। दोनों तेजलाल साव के पुत्र थे। दो सगे भाइयों का शव मिलने से पूरे इलाके में मातम छा गया। इधर बच्चों के मां-पिता समेत पूरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।राजधनवार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाल लिया गया है।

बताया जा रहा है दोनों भाइयों का पता लगाने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ता का सहारा लिया था। बोकारो से खोजी कुत्ता मंगवाया गया था। खोजी कुत्ता गायब भाइयों के आवास एवं वहां से कुछ दूर स्थित एक तालाब के पास पहुंचकर लौट गया था। एसपी अमित कुमार रेणु भी इस मामले की जांच के लिए केंदुआ टोला पहुंचे थे। उन्होंने गायब बच्चों के परिजनों से जानकारी ली थी। राजधनवार एवं परसन थाना पुलिस बच्चों की तलाश में मंगलवार की रात से ही लगी हुई थी।

धनवार थाना अंतर्गत केंदुआ टोला निवासी टेकलाल साव जो बच्चों के करीबी रिश्तेदार हैं ने बताया कि मंगलवार को तीन बजे दिन को बच्चों की मां बाथरूम साफ कर रही थी। इसी बीच दोनों बच्चों ने अपनी माँ से शौचालय जाने की बात कही थी। माँ ने बाथरूम साफ करने की बात कहकर दोनों को बगल के मैदान में जाने के लिए कहा था। दोनों बच्चे घर से शौच के लिए निकले थे। काफी देर बाद जब दोनों बच्चे घर वापस नही आए तो परिजन तलाश करने में जुट गए। देर शाम तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी। इसके बाद परसन ओपी प्रभारी सुरेश लिंडा तथा धनवार थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह पूरे दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे।

इधर,राजधनवार में गायब दो सगे भाइयों का शव मिलने से लोग दुख के साथ-साथ आक्रोश में हैं। आक्रोशित लोगों ने गुरुवार की सुबह से घटनास्थल के निकट राजधनवार-सरिया सड़क को जाम कर दिया है। लोगों का आरोप है कि दोनों भाइयों की हत्या कर शव को गांव के किनारे स्थित एक निर्माणाधीन कुएं में डाल दिया गया है। पुलिस मौके पर तैनात है। कुएं के पास सैकड़ों लोग जुटे हुए हैं।