पलामू:जंगल में 15 दिन से लापता महिला का कंकाल बरामद,जांच में जुटी पुलिस..
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लकड़ी चुनने जंगल गई महिला का 15 दिन बाद कंकाल जैसी हालत में शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के भटवलिया निवासी सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो 29 मई से लापता थीं।जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी रोज की तरह हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोहबंधा-माहूर जंगल इलाके में लकड़ी चुनने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार को पांडू और हुसैनाबाद की सीमा से लगे जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब वे दुर्गंध की दिशा में पहुंचे तो वहां एक महिला का शव पड़ा मिला, जो काफी हद तक कंकाल में तब्दील हो चुका था। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पांडू थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव के पास मिले कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान सुनीता देवी के रूप में की।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों का खुलासा हो सके।बिश्रामपुर के एसडीपीओ चिरंजीवी कुमार ने बताया कि कपड़ों के आधार पर पहचान की गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 15 दिन तक जंगल में पड़ा रहा शव, अब मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

