राँची में थार सवारों का तांडव: ओवरटेक के मामूली विवाद में XUV500 पर हॉकी स्टिक और पत्थरों से हमला, युवकों को अधमरा कर लूटा…
राँची। राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में मुहल्ले की सड़कों पर गुरुवार तड़के ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने इलाके के लोगों को दहला दिया। एक मामूली ओवरटेक विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और थार सवार युवकों ने XUV500 में सवार तीन दोस्तों पर ऐसा कहर बरपाया कि वे खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर मारपीट के बाद पीड़ितों का मोबाइल, पर्स, गाड़ी के कागजात और चाबी तक लूटकर फरार हो गए।
यह घटना 11 जून की सुबह करीब 4:54 बजे की है। राजदीप बागे अपने दोस्तों सुमीत तिर्की और रिखुम निलेश तिग्गा के साथ नगड़ी से चुटिया लौट रहे थे।शिकायतकर्ता राजदीप बागे (27 वर्ष) अपने दो दोस्तों सुमीत तिर्की और रिखुम निलेश तिग्गा के साथ अपनी XUV500 (नंबर: JH01DM0777) से नगड़ी से चुटिया आ रहे थे। इसी दौरान खीजुरिया तालाब द्वारिकापुरी-कृष्णापुरी रोड में (उर्मिला निवास के पास) पीछे से आ रही एक काले रंग की थार गाड़ी ( JH01EJ0018) लगातार उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी।पीड़ित राजदीप बागे ने बताया कि आगे जगह कम होने के कारण उन्होंने कुछ दूर आगे जाकर अपनी गाड़ी साइड में खड़ी कर दी ताकि थार आगे निकल सके। लेकिन थार रुकते ही उसमें से 5 से 6 लोग हाथों में हॉकी स्टिक और डंडे लेकर उतरे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने पहले XUV500 में जमकर तोड़फोड़ की। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी।जब तीनों युवक जान बचाने के लिए भागने लगे तो बदमाशों ने सुमीत तिर्की को पकड़ लिया। आरोप है कि उस पर बड़े पत्थरों और हॉकी स्टिक से लगातार वार किए गए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।पीड़ितों का कहना है कि हमलावर यहीं नहीं रुके। उन्होंने गाड़ी में रखा मोबाइल फोन, पर्स, जरूरी दस्तावेज और गाड़ी की चाबी तक छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ितों का दावा है कि यह सिर्फ रोड रेज का मामला नहीं लगता। जिस तरह हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया और बाद में लूटपाट की, उससे किसी बड़ी साजिश या आपराधिक गिरोह की आशंका भी जताई जा रही है।पीड़ित राजदीप बागे की शिकायत पर चुटिया थाना में कांड संख्या 83/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुमार महतो को सौंपी गई है।
इस सम्बंध में चुटिया थाना प्रभारी सह पूनम कुजूर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और थार वाहन की पहचान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला सिर्फ ओवरटेक विवाद का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है।
वहीं,स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह हुई इस वारदात से कुछ देर अफरा तफरी का माहौल बन गया था।लेकिन तुरन्त पुलिस भी मौके पर पहुँच गई।लेकिन उससे पहले थार वाले फरार हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने अचानक युवकों को गाड़ी में तोड़फोड़ और मारपीट करते देखा। हालांकि लोगों ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की आक्रामकता देखकर कोई आगे आने की हिम्मत नहीं जुटा सका।इलाके में अब इस बात की चर्चा है कि आखिर सड़क पर कुछ सेकंड के ओवरटेक विवाद में इतनी बर्बर हिंसा कैसे हो सकती है, या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी हुई है।

