वनांचल एक्सप्रेस में 58 लाख के 174 चोरी के मोबाइल के साथ दो तस्कर को आरपीएफ ने दबोचा, चलती ट्रेन से कूदकर भागने की कोशिश नाकाम..

 

साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज जिले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वनांचल एक्सप्रेस से करीब 59 लाख रुपये मूल्य के 174 संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल चोरी के एक बड़े सिंडिकेट की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, आरपीएफ बरहरवा को गुप्त सूचना मिली थी कि राँची से भागलपुर जा रही 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल फोन ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
गुमानी स्टेशन से बरहरवा तक ट्रेन की सघन तलाशी के दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में मिले। आरपीएफ टीम को देखते ही दोनों चलती ट्रेन से उतरकर फरार होने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक निवासी मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28) और मोहम्मद रहमत शेख (23) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 174 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें 85 मोबाइल नासरुद्दीन और 89 मोबाइल रहमत के कब्जे से मिले।

बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत 58 लाख 95 हजार 878 रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी मोबाइल के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद सभी मोबाइल जब्त कर आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा के हवाले कर दिया गया।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद मोबाइल विभिन्न क्षेत्रों से चोरी किए गए हैं और इनके पीछे सक्रिय एक संगठित गिरोह काम कर रहा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर चोरी के मोबाइल किस नेटवर्क के जरिए इकट्ठा किए गए और इस पूरे रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।फिलहाल 174 मोबाइल की बरामदगी ने रेलवे और पुलिस महकमे को चौंका दिया है, जबकि जांच की सुई अब एक बड़े अंतरराज्यीय मोबाइल चोरी गिरोह की ओर घूमती नजर आ रही है।

error: Content is protected !!