गुमला में पशु तस्करी का खौफनाक चेहरा उजागर: तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकराई, 3 मवेशियों की मौत, तस्कर फरार
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में अवैध पशु तस्करी पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है। तस्करों की लापरवाही और पशुओं के प्रति क्रूरता एक बार फिर सड़क हादसे के रूप में सामने आई है।ताजा मामला चैनपुर अनुमंडल के रायडीह थाना क्षेत्र स्थित कासीर कोयनार टोली के पास का है, जहां पशुओं से ठसाठस भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और दो बार पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में बेरहमी से लादे गए तीन पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार देर रात पिकअप वाहन (जेएच07एल9443) चैनपुर की ओर से तेज गति में आ रहा था। कोयनार टोली के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया।
दुर्घटना के बाद चालक और उसके साथ मौजूद कथित पशु तस्कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना शुक्रवार की सुबह सुबह मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मृत एवं घायल पशुओं को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस वाहन मालिक, चालक और पशु तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में पशु तस्करी की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले बुलंद हैं। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध पशु परिवहन और उससे जुड़े जोखिमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

