गिरिडीह में एक और ‘शोले’ स्टाइल हाई-वोल्टेज ड्रामा: शराब के लिए नहीं मिले पैसे, तो 33 हजार KV के टावर पर चढ़ गया युवक…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में गुरुवार की देर शाम उस वक्त पूरे गांव की धड़कनें थम गईं, जब एक युवक ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर ऐसा कदम उठा लिया, जिसे देखकर लोगों को सीधे फिल्म शोले का मशहूर टंकी वाला सीन याद आ गया। फर्क सिर्फ इतना था कि यहां टंकी नहीं, बल्कि 33 हजार KV का हाई-वोल्टेज बिजली टावर था और दांव पर थी एक युवक की जान।
पचंबा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव का रहने वाला पंकज मिश्रा शराब के लिए पैसे मांग रहा था। लेकिन इस बार परिवार ने उसकी जिद के आगे झुकने से इनकार कर दिया। बस फिर क्या था, गुस्से से तमतमाया पंकज सीधे गांव के पास खड़े हाई-वोल्टेज बिजली टावर पर जा चढ़ा। देखते ही देखते वह इतनी ऊंचाई पर पहुंच गया कि नीचे खड़े लोगों की सांसें अटक गईं।
टावर पर युवक और नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़… पूरा गांव मानो किसी फिल्मी क्लाइमेक्स का गवाह बन गया। किसी को डर था कि कहीं उसका पैर फिसल न जाए, तो किसी को हाई-वोल्टेज लाइन का खौफ सता रहा था। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाइश, बातचीत और धैर्य का परिचय देते हुए युवक को शांत कराने की कोशिश की। आखिरकार घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का सुखद अंत हुआ और पंकज सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक के नीचे आते ही गांववालों और परिजनों ने राहत की सांस ली।
नीचे उतरने के बाद पुलिस ने युवक को उसकी इस जानलेवा हरकत के लिए जमकर फटकार लगाई और परिजनों को भी उसकी काउंसिलिंग कराने की सलाह दी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
दिलचस्प बात यह है कि हाल के दिनों में झारखण्ड में अपनी मांगें मनवाने के लिए टावरों पर चढ़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं प्रेमी प्रेमिका के लिए टावर पर चढ़ रहा है, कहीं शादी की जिद में, तो कहीं जमीन के मामले को लेकर। लेकिन गिरिडीह की यह घटना शायद सबसे अलग रही, जहां एक युवक शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर सीधे मौत से आंख-मिचौली खेलने निकल पड़ा।गनीमत रही कि यह ‘शोले’ स्टाइल ड्रामा किसी त्रासदी में नहीं बदला, वरना एक जिद पूरे परिवार की जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी।

