राँची के बीआईटी मेसरा में ज्वेलरी दुकान का ताला काटकर 65 लाख रुपये की ज्वेलरी और कैश चोरी…
राँची।राँची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक ज्वेलरी दुकान का ताला काटकर करीब 65 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कौशल्या कंपाउंड स्थित बीआईटी मोड़ के पास पीपी ज्वेलर्स नामक दुकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने देर रात दुकान का शटर/ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची बीआईटी मेसरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले दुकान की रेकी की थी और उसके बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। इस बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यवसायियों में भी भय का माहौल है और वे पुलिस से गश्त बढ़ाने व त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

