देवघर:अतिक्रमण हटाओ अभियान में पुलिसकर्मी की पिस्टल बनी चर्चा का विषय, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप,एसपी ने दिया जांच का आदेश..

 

देवघर।शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया।अभियान के बीच एक पुलिस आरक्षी का पिस्टल निकालते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसके बाद प्रशासन और पुलिस दोनों सवालों के घेरे में आ गए हैं।

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन और पुलिस की टीम सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध और हंगामे की स्थिति भी बनी। इसी बीच वायरल हुए वीडियो में एक आरक्षी भीड़ के बीच अपनी पिस्टल निकालता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आते ही स्थानीय दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए हैं।
हालांकि घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि पुलिसकर्मी किसी को डराने या धमकाने के इरादे से हथियार नहीं निकाल रहा था। उनका कहना है कि वह अपनी पिस्टल को सुरक्षित करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन कैमरे में कैद हुई तस्वीरों ने मामले को नया मोड़ दे दिया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अब पूरे मामले पर लोगों की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या आरक्षी ने वाकई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हथियार निकाला था या फिर वायरल वीडियो में दिख रही तस्वीरों के पीछे कोई और सच्चाई छिपी है। इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।

error: Content is protected !!