साहिबगंज:कुख्यात अपराधी निरंजन पासवान चढ़ा पुलिस के हत्थे,एक कट्टा और 13 गोली बरामद…

साहिबगंज।झारखण्ड के साहेबगंज में मुफस्सिल थाने की पुलिस ने कुख्यात अपराधी चासा टोला निवासी निरंजन पासवान को गिरफ्तार किया है।गिऱफ्तार अपराधी के पास से एक कट्टा और 13 गोलियां मिली है। उसपर मुफस्सिल थाने में 25 मई 2018 को रंगदारी और मारपीट का मामला दर्ज कराया गया था।वहीं बिहार के भागलपुर जिले के बरारी में भी उसपर हत्या का मामला दर्ज है। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने दी। एसपी ने बताया कि मुफस्सिल थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि निरंजन पासवान इन दिनों अपने घर पर है। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कुख्यात के पकड़े जाने से इलाके में अमन और शांति आएगी। आरोपी को स्वास्थ्य जांच के बाद जेल भेज दिया गया। छापेमारी टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक अमन कुमार आदि शामिल थे।

बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चासा टोला निवासी निरंजन पासवान कटिहार के कुख्यात अपराधी मोहन ठाकुर के भाई ईश्वर ठाकुर की हत्या के बाद चर्चा में आया था। पूर्व में निरंजन पासवान, बाखरपुर का फूलो मंडल आदि मोहन ठाकुर के गिरोह का ही सदस्य था। लूटपाट, रंगदारी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। किसी बात को लेकर मोहन ठाकुर से मतभेद हुआ तो बाखरपुर के फूलो मंडल के साथ मिलकर उसके भाई ईश्वर ठाकुर की हत्या कर दी और चार-पांच राइफल लेकर भाग गया। यहां फूलो मंडल के नेतृत्व में अलग गिरोह बना लिया। कुछ माह पूर्व ही फूलो मंडल गिरोह के सदस्यों ने लालबथानी के मुन्ना उर्फ कयूम की हत्या गोली मारकर कर दी। बाद में शव को टुकड़े-टुकड़े कर फेंक दिया।कई दिन बाद शव बरामद किया गया। इस मामले में फूलो मंडल को पिछले माह मुफस्सिल थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरोह मछुआरों से रंगदारी वसूलता था। दियारा क्षेत्र में कलाई लूट व अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। निरंजन पर फिलहाल तीन मामले दर्ज हैं। बिहार के अन्य थाना से भी उसपर दर्ज मामलों की जानकारी पुलिस ले रही है।