लातेहार:एक लाख का इनामी नक्सली जितेंद्र उर्फ जीवन जी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा थाना की पुलिस ने एक लाख का इनामी नक्सली जितेंद्र गंझू उर्फ जीवन जी 26 वर्ष,पिता सघन गंझू को गिरफ्तार किया है। इसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम मानी जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को यह सफलता हाथ लगी है।इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि एसपी अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के बाद एक छापेमारी टीम का गठन किया गया था। चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधीमाटी गांव स्थित घर से छापामारी कर जितेंद्र गंझू उर्फ जीवन जी को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नक्सली माओवादी रवींद्र गंझू दस्ते का सदस्य रहा है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ श्री मिश्र कर रहे थे। उनके अलावा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मदन कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक नारायण यादव, दिव्य प्रकाश, सुनील टूटी, मो शाहरुख अंसारी, अरविंद कुमार सिंह के अलावे सेट-01 लातेहार व लातेहार सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

बता दें कि इससे पहले पुलिस ने नक्सली संगठन टीएसपीसी के पांच लाख का इनामी नक्सली विराज गंझू समेत अन्य नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली विराज के पास से AK-47 समेत कई गोली बरामद किया था। बताया गया कि गिरफ्तार नक्सली विराज गैंगस्टर अमन साव के साथ नेपाल में ट्रेनिंग ले चुका है। गिरफ्तार नक्सली विराज के खिलाफ चतरा के अलावा चंदवा, बालूमाथ और लातेहार थाने में कई मामले दर्ज हैं।