राँची: घर में फंदे से लटकी मिली युवती, 30 नवंबर को होनी थी शादी

 

राँची। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, जहां बेटी की विदाई की तैयारियां होनी थीं, आज उसी घर में मातम पसरा है। 30 नवंबर को काजल कुमारी की शादी तय थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया। शनिवार को घर के अंदर फंदे से लटका उसका शव मिला। बेटी की मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।यह दर्दनाक घटना राँची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के मलती सदान टोला की है। मृतका की पहचान रमेश चौरसिया की बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटी को कुछ दिनों बाद दुल्हन बनकर विदा होना था, उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर है।

रसोई में जल रहा था खाना, दादी की आवाज पर नहीं मिला जवाब
शनिवार की सुबह करीब 11 बजे काजल घर में अपनी दादी के साथ थी। उसके पिता किसी काम से राँची गये हुए थे, जबकि मां आंगनबाड़ी केंद्र गयी थी। इसी दौरान रसोई में खाना जलने लगा। दादी ने काजल को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब काजल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दादी ने पड़ोसियों को बुलाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर लोग घर के अंदर दाखिल हुए। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गये। काजल छप्पर की लकड़ी से साड़ी के सहारे लटकी मिली।

अस्पताल ले गये परिजन, लेकिन नहीं बच सकी जान
आनन-फानन में परिजन काजल को मांडर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर में शादी की खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गयी। बेटी की मौत की खबर से पिता रमेश चौरसिया गहरे सदमे में हैं और कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।तीन भाई-बहनों में काजल सबसे बड़ी थी। इंटर पास करने के बाद वह घर पर रह रही थी। परिवार ने उसकी शादी 30 नवंबर को तय की थी। लेकिन किसे पता था कि जिस बेटी के हाथों में मेहंदी लगनी थी, उससे पहले ही घर में मातम छा जाएगा।

मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल काजल की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।शादी की तारीख नजदीक थी, परिवार में नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर उम्मीदें थीं। लेकिन एक घटना ने सब कुछ बदल दिया। अब घर में शादी की तैयारियों की जगह बेटी को खोने का गम रह गया है।

error: Content is protected !!