Ranchi: 10 दिन से लापता युवक का सड़ा-गला शव जंगल में मिला,10 साल पहले पिता की हुई थी हत्या

राँची।जिले के नामकुम थाना क्षेत्र के लाली पंचायत के बारेडंडा जंगल के रादेरबुरू पहाड़ से पुलिस ने एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया। मिली जानकारी के अनुसार 10 दिन पहले घर से निकले एकलौते बेटे सुरीन मुंडा (उम्र 32) का शव नामकुम,अनगड़ा एवं सोनाहातु सीमा के कोचा टोली से बरामद किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।बताया जाता है कि अपनी 55 वर्षीय माँ के साथ लाली पंचायत के टुंगरीटोली में रहता था। उसकी शादी हुई थी परंतु पत्नी छोड़कर चलीं गईं थीं। परिवार खेती बाड़ी पर निर्भर है। 5 दिसंबर को खेत से धान लाने के बाद सुरीन ने काफी थके होने की बात कहकर मां से सौ रुपए दारु पीने के लिए मांगें और चला गया। पूर्व में भी कई बार बिना बताए सुरीन कई दिनों तक बाहर रहता था इसलिए मां ने खोजबीन नहीं की।उन्हें लगा वापस आ जायेगा। गुरुवार की सुबह जंगल में गए ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा. शव सड़ा गला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत की वजह अत्यधिक नशें में गिरना लगता है।हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो पाएगा।खबर लिखे जाने तक परिजनों द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।इधर ग्रामीणों ने बताया कि सुरीन के पिता की लगभग दस साल पहले हत्या कर दी गई थी। हत्या किसने और क्यों की अबतक इसका खुलासा नहीं हुआ है।