Ranchi:दिनदहाड़े जंगल में हथियार चमकाकर लूट… बाइक सवार चार अपराधियों ने युवक-युवती को पीटा, बाइक-मोबाइल और नकदी लेकर फरार..
राँची। राजधानी राँची के नामकुम इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की वारदात से सनसनी फैल गयी। खरसीदाग ओपी क्षेत्र के भुसूर देवगाई सड़क पर गेल इंडिया के समीप बेड़े टोली जंगल में बाइक सवार चार अपराधियों ने एक युवक और उसके साथ मौजूद महिला रिश्तेदार को घेर लिया। अपराधियों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की और फिर हथियार का भय दिखाकर बाइक, दो मोबाइल फोन और नकदी लूटकर तुपुदाना की ओर फरार हो गये।
घटना के बाद पीड़ित ने खरसीदाग ओपी पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। दिनदहाड़े जंगल के बीच हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चंदाघासी निवासी राम मुंडा, पिता रामदास मुंडा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि सोमवार को वह अपनी महिला रिश्तेदार के साथ पल्सर बाइक से तुंजू से बड़का टोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेड़े टोली जंगल के समीप शौच के लिए उन्होंने बाइक रोकी।राम के अनुसार, अभी वे वहां रुके ही थे कि अचानक एक बाइक पर सवार चार युवक उनके पास पहुंचे। आरोप है कि आते ही चारों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से दोनों घबरा गये। विरोध करने पर अपराधियों ने हथियार दिखाकर जान से मारने का भय पैदा किया।
पीड़ित के मुताबिक अपराधियों ने हथियार के बल पर उसके पास मौजूद आईफोन, महिला रिश्तेदार का Samsung A35 मोबाइल, कुछ नकद और उनकी पल्सर बाइक (जेएच-01डीवी-7861) लूट लिया।लूटपाट के बाद चारों अपराधी बाइक से तुपुदाना की ओर भाग निकले। अचानक हुई वारदात के बाद पीड़ित कुछ समय तक सकते में रहा। बाद में उसने पुलिस को सूचना दी और ओपी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी।
बेड़े टोली जंगल के समीप दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई लूट की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जिस रास्ते पर आम लोगों और बाइक सवारों की आवाजाही होती है, वहीं जंगल के पास अपराधियों ने खुलेआम वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित रास्तों तथा आसपास के इलाकों में जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और वारदात के समय वहां से गुजरने वाले लोगों से भी जानकारी जुटायी जा सकती है। साथ ही, लूटी गयी बाइक और मोबाइल फोन के आधार पर भी अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की संख्या, उनके हुलिये और हथियार के संबंध में पीड़ित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

