राजधानी का बदलेगा मिजाज: धुर्वा में तालाब का कायाकल्प, डोरंडा में जमीन की घेराबंदी और हरमू पुल पर होगी फेंसिंग

-नगर विकास विभाग ने चार प्रमुख योजनाओं के लिए जारी किया टेंडर; डिबडीह की न्यू अलकापुरी कॉलोनी में बनेगी आरसीसी नाली और पक्की सड़क

राँची।राजधानी राँची के शहरी ढांचे को दुरुस्त करने, बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को सुरक्षित करने की दिशा में राँची नगर निगम (आरएमसी) और नगर विकास विभाग ने एक साथ कई मोर्चों पर काम शुरू कर दिया है. शहर के अलग-अलग वार्डों में जलस्रोतों के जीर्णोद्धार, सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. नगर विकास विभाग के इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी है.

धुर्वा में तालाब संवरेगा, हरमू पुल पर हादसों और गंदगी पर लगेगी लगाम

योजनाओं के तहत वार्ड नंबर-38 स्थित धुर्वा बस स्टैंड शेल्टर होम के पास मौजूद पुराने तालाब का कायाकल्प किया जाएगा. लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस तालाब की सफाई, सौंदर्यीकरण और जल संरक्षण के अनुकूल बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा, जिससे आसपास के पर्यावरण में सुधार होगा. वहीं, हरमू मुख्य मार्ग के पास स्थित हरमू पुल की दोनों तरफ मजबूत फेंसिंग (घेराबंदी) कराई जाएगी. इस पुल से नदी में कचरा फेंके जाने और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. फेंसिंग होने से जहां दुर्घटनाओं की आशंका खत्म होगी, वहीं नदी क्षेत्र में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर भी पूरी तरह रोक लगेगी.

डोरंडा में सुरक्षित होगी निगम की जमीन, डिबडीह को जलजमाव व जर्जर सड़क से राहत

वार्ड नंबर-45 के अंतर्गत डोरंडा कम्युनिटी हॉल के समीप स्थित नगर निगम की रिक्त जमीन की सुरक्षा के लिए मजबूत बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) का निर्माण कराया जाएगा. इससे निगम की बेशकीमती जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की आशंका पूरी तरह समाप्त हो जाएगी. इसके अलावा, वार्ड नंबर-36 के अंतर्गत डिबडीह स्थित न्यू अलकापुरी कॉलोनी के निवासियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. कॉलोनी में जलनिकासी के लिए आरसीसी ड्रेन (नाली) और आवागमन के लिए बिटुमिनस (अलकतरायुक्त पक्की सड़क) का निर्माण कराया जाएगा. लंबे समय से बारिश के दिनों में जलजमाव और कच्ची-जर्जर सड़क की मार झेल रहे स्थानीय लोगों को इस योजना के पूरा होने से बड़ी राहत मिलेगी.

error: Content is protected !!