चतरा में कंपनी कार्यालय पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, 20 राउंड गोलियों से दहला कोयलांचल; सुरक्षा गार्ड घायल, पर्चा छोड़ राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के कोयलांचल क्षेत्र के टंडवा थाना अंतर्गत उड़सू गांव स्थित सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो बाइक से पहुंचे चार अपराधियों में तीन ने कार्यालय के अंदर घुसकर करीब 20 राउंड गोलियां चलायीं। अचानक हुई गोलीबारी से कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गयी।फायरिंग की इस वारदात में कंपनी की सुरक्षा में तैनात एसआईएस सुरक्षा गार्ड रविश कुमार यादव घायल हो गये। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर एक पर्चा छोड़कर फरार हो गये। पर्चे में राहुल दुबे गैंग के नाम से घटना की जिम्मेदारी लेने की बात सामने आयी है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पर्चे की सत्यता तथा घटना के पीछे वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
दो बाइक से पहुंचे चार नकाबपोश अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब ढाई बजे दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय के पास पहुंचे। कुछ ही देर में तीन अपराधी हथियार लेकर कार्यालय के अंदर घुस गये, जबकि एक अपराधी बाहर मौजूद रहा। कार्यालय में घुसते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलायीं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। अचानक हुई इस गोलीबारी से कार्यालय में मौजूद कर्मियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी। आसपास के लोग भी डर के कारण अपने-अपने घरों और दुकानों में दुबक गये।
सुरक्षा गार्ड को लगी गोली, हजारीबाग रेफर
फायरिंग के दौरान कंपनी की सुरक्षा में तैनात एसआईएस गार्ड रविश कुमार यादव गोली लगने से घायल हो गये। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है। घटना के तत्काल बाद साथी कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए टंडवा स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायल गार्ड का इलाज कराया जा रहा है।
वारदात के बाद टंडवा बाजार की ओर भागे अपराधी
फायरिंग के बाद अपराधियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा छोड़ा और फिर दोनों बाइक से टंडवा बाजार की ओर फरार हो गये। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कोयलांचल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।कोयला परियोजना क्षेत्र में कंपनी के कार्यालय पर हथियारबंद अपराधियों के इस तरह पहुंचकर फायरिंग करने से आसपास के इलाकों में भी दहशत का माहौल बन गया है।
घटनास्थल से करीब 20 खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस के साथ सिमरिया थाना और पगार ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कंपनी के कर्मचारियों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से करीब 20 खोखे बरामद किये हैं। पुलिस अब बरामद खोखों और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों और अपराधियों की पहचान की दिशा में जांच कर रही है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच, संभावित ठिकानों पर छापेमारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार, पगार ओपी प्रभारी प्रभात कुमार और एसआई संदीप कुमार समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपराधिक वारदात का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना का उद्देश्य इलाके में दहशत फैलाना था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका पता लगाया जा रहा है।पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की भी जानकारी जुटायी जा रही है।
पर्चे की भी पुलिस कर रही जांच
घटनास्थल पर छोड़े गये पर्चे में राहुल दुबे गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने की बात सामने आने के बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पर्चा वास्तव में उसी गिरोह से जुड़ा है या अपराधियों ने जांच को भटकाने के लिए इसका इस्तेमाल किया है।
फायरिंग के पीछे रंगदारी, वर्चस्व या किसी अन्य आपराधिक मकसद की आशंका समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है।दिनदहाड़े कोल परियोजना से जुड़ी कंपनी के कार्यालय में करीब 20 राउंड फायरिंग और सुरक्षा गार्ड के घायल होने की घटना ने टंडवा समेत पूरे कोयलांचल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

