फर्जी पोस्ट और मैनिपुलेटेड वीडियो से सावधान…राँची पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, कहा- बिना सत्यापन शेयर किया तो हो सकती है कार्रवाई

 

राँची। छात्र आंदोलन समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित खबरों, फोटो और वीडियो के बीच राँची पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हर जानकारी सही नहीं होती। कई बार फोटो और वीडियो को एडिट या मैनिपुलेट कर भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जाता है। ऐसे में किसी भी पोस्ट को सत्यापित किए बिना उस पर भरोसा करना या आगे शेयर करना परेशानी में डाल सकता है।

राँची पुलिस ने रविवार को प्रेस रिलीज जारी कर लोगों को सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर आगाह किया। पुलिस के मुताबिक, कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व जानबूझकर झूठी, अपुष्ट और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी पोस्ट के जरिए सामाजिक तनाव, वैमनस्य और अराजकता पैदा करने का प्रयास किया जा सकता है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी वीडियो, फोटो या मैसेज के आधार पर लोग खुद कोई कार्रवाई न करें। किसी के उकसावे में आकर कानून हाथ में लेना भारी पड़ सकता है। पुलिस ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के उठाया गया कोई भी कदम कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।

राँची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट मिलती है तो उसे आगे वायरल करने के बजाय तत्काल पुलिस या प्रशासन को इसकी जानकारी दें। किसी भी सूचना को शेयर करने से पहले उसके स्रोत और सत्यता की पुष्टि करना जरूरी है।पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया के दौर में एक गलत या भ्रामक पोस्ट तेजी से बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच सकती है, इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

error: Content is protected !!