गुमला:रात में पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला,सुबह कुएं में मिला युवक का शव,मामले की छानबीन पुलिस कर रही है

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में बेहराटोली बस्ती में एक युवक का शव मंगलवार को कुएं से मिला।बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी से विवाद के बाद सोमवार की शाम घर से निकला था। इसके बाद उसकी लाश मिली।इधर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमाॅर्टम के लिए पुलिस ने शव को गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर मृतक के मोहल्ले के लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई।

बताया गया कि मृतक की पहचान अर्जुन साहू 25 के रूप में की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्नी से विवाद के बाद रात 10 बजे अर्जुन घर से बाहर निकला। अपने छोटे भाई करण कुमार को बताया कि थोड़ी देर में घूमकर आ रहे हैं। इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटा। तब छोटा भाई परिजनों के साथ अर्जुन को ढूंढ़ने निकला। घर से 300 मीटर दूर स्थित जुगिया उरांव के कुएं के पास परिजनों को अर्जुन की चप्पल देखी।वहीं, कुएं के बाहर अर्जुन का मोबाइल गिरा मिला। इसके बाद कुएं में गिरने के संदेह पर परिजनों ने अर्जुन की तलाश शुरू की।घंटों बाद भी अर्जुन का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन देर रात होने के कारण घर लौट गए। सुबह होने के साथ ही परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे। कुंए में तलाश शुरू की गई तो अर्जुन का शव मिला। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने शव को बाहर निकाला। उसके शरीर में कोई जख्म नहीं था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। लेकिन जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा।