Ranchi:पूजा पंडालों के पट खुलते ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी,राँची के 155 पूजा पंडालों की सुरक्षा में 60 मजिस्ट्रेट और करीब 1000 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं

राँची।आज सोमवार को राजधानी राँची के पूजा पंडालों के पट खुलते ही शहर के पूजा पंडालों में भीड़ उमड़ने लगी है। शहर के हर इलाके में भीड़ है और दूर दराज के लोग भी शहर आ रहे हैं। वहीं विधि व्यवस्थ बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भी कदम उठाया है। मंगलवार से पूरे राँची में 250 से अधिक मजिस्ट्रेट और 2000 से अधिक पुलिसकर्मी शहर की सुरक्षा में लगेंगे। इसके अलावा बाइक से भी पुलिस गश्त लगाएगी।शहर में गश्ती के लिए 44 टीमों का गठन किया गया है। मुख्य कंट्रोल रूम के साथ चार उप कंट्रोल रूम भी काम करेगा। कंट्रोल रूम में भी अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे। जो किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।राँची के 155 पूजा पंडालों की सुरक्षा में 60 मजिस्ट्रेट और करीब 1000 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 29 और बुंडू अनुमंडल के लिए 6 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।

चार उप नियंत्रण कक्ष बनाए गए:

राजधानी राँची में जिला नियंत्रण कक्ष के अलावा चार उप नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। इसके तहत अल्बर्ट एक्का चौक, डोरंडा थाना, सदर थाना और बुंडू थाना में उप नियंत्रण कक्ष बनाया गया। यहां मजिस्ट्रेट के अलावा पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इन केंद्रों में अग्निशमन दस्ता भी उपलब्ध रहेगा। वहीं, शहर के अन्य प्रमुख स्थानों में भी अग्निशमन दस्ता भी तैनात किया जाएगा।

राँची को 10 जोन में बांटकर बनाया गया 10 मुख्यालय

पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, शांति बहाल रहे इसके लिए राजधानी को 10 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में चार-पांच थानों के लिए 01 मुख्यालय बनाया गया है। मुख्यालय में जोनल पुलिस पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

किस-किस थाने का कौन होगा मुख्यालय

सदर (मुख्यालय) – गोंदा, बरियातू, खेलगांव, बीआईटी मेसरा

कांके (मुख्यालय) – टाटीसिलवे, नामकुम, पिठोरिया

कोतवाली (मुख्यालय)- हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, सुखदेवनगर, पंडरा

लालपुर (मुख्यालय) – चुटिया, लोअर बाजार

डोरंडा (मुख्यालय) – जगरनाथपुर, तुपुदाना, अरगोड़ा, धुर्वा

रातू (मुख्यालय) – नगड़ी

ओरगांझी (मुख्यालय) – सिकिदिरी, अनगड़ा, सिल्ली, मुरी

चान्हो (मुख्यालय) – खेलारी, मैक्लुस्कीगंज, मांडर, बुढ़मू, ठाकुरगांव

बुंडू (मुख्यालय) – तमाड़, सोनाहातू, रातू, दशमफॉल

बेड़ो (मुख्यालय) – इटकी, नरकोपी, लापुंग