तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से पारा शिक्षक की मौत,सड़क पार करने के दौरान घटना हुई…

खूँटी।झारखण्ड में खूँटी जिले में रनिया थाना क्षेत्र के मरचा-रनिया सड़क पर गोइलकेरा गांव के पास बाइक की टक्कर से गोईलकेरा निवासी पारा शिक्षक महेश भुईया की मौत हो गई। वे 60 वर्ष के थे। दुर्घटना के संबंध में बताया गया कि महेश भुईंया रविवार की सुबह ब्रस करते हुए स्नान करने के लिए पास के कुएं के पास जा रहे थे।इसी बीच सड़क पार करने के क्रम में तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार न उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े। एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण परिजन घायल महेश भुईया को ऑटो से लेकर रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है। पारा शिक्षक बनने से पूर्व महेश भूईंया सरस्वती शिशु मंदिर बेलसियांगढ़, रनिया के आचार्य थे। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गयी। वे काफी मृमृदुभाषी व मिलनसार स्वभाव के धनी थे। उनके निधन पर सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक कोचे मुंडा, भाजपा मंडल अध्यक्ष निखिल कंडुलना, सांसद प्रतिनिधि नारायण साहू, डोमन सिंह सहित अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।इधर मृतक महेश भुईया के परिजनों ने कहा कि दुर्घटना के बाद वे लगातार 108 नंबर पर डायल कर एंबुलेंस की मांग कर रहे थे। अगर समय पर एंबुलेंस मिल गया होता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। इधर सीएचसी रनिया में 108 एंबुलेंस खड़ी है, लेकिन चालक व कर्मी नहीं हैं। यही कारण है कि रनियावासियों को 108 एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाती है।