हाईकोर्ट में पेशी के बाद लौट रहे SHO की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार; कांस्टेबल घायल

 

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में तैनात झाड़ोल थानाधिकारी बुद्धराम बिश्नोई की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जोधपुर हाईकोर्ट में पेशी पूरी कर उदयपुर लौट रहे SHO की कार देर रात सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बुद्धराम बिश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे कांस्टेबल घायल हो गए।

आधी रात को हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार, हादसा जोधपुर जिले के चामू थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुआ। बुद्धराम बिश्नोई ड्यूटी से जुड़े एक मामले में जोधपुर हाईकोर्ट में पेशी के बाद कार से उदयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चामू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत थानाधिकारी के शव को चामू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जबकि घायल कांस्टेबल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सामने से आ रहे वाहन की हेडलाइट बनी हादसे की वजह?
चामू थानाधिकारी हनुमान बिश्नोई के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रहे एक वाहन की तेज हेडलाइट पड़ने से चालक की आंखें चौंधिया गई थीं। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और कार उससे टकरा गई। हालांकि, पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

दो महीने पहले ही संभाली थी झाड़ोल थाने की कमान
बुद्धराम बिश्नोई मूल रूप से जोधपुर जिले के चामू के रहने वाले थे। करीब दो महीने पहले ही उनका बांसवाड़ा से उदयपुर जिले के झाड़ोल थाने में थानाधिकारी के पद पर तबादला हुआ था। हाईकोर्ट में पेशी के बाद ड्यूटी पर लौटते समय हुए इस हादसे ने पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक पुलिस अधिकारी की इस तरह असमय मौत से विभाग में शोक की लहर है।

error: Content is protected !!