Lockdown4@Firing:बिहार के आरा में अखिलेश सिंह गिरोह के हरीश पर सुधीर दुबे गिरोह के लोगों ने की फायरिंग !

राँची।झारखण्ड के जमशेदपुर के दो गिरोह का बिहार के आरा स्थित कुरमुरी गांव में रविवार शाम सुधीर दुबे गिरोह के लोगों ने अखिलेश गिरोह के हरीश पर फायरिंग कर दी। हालांकि यह मामला अभी तक वहां की पुलिस तक नहीं पहुंचा है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, सुधीर दुबे के गिरोह ने हरीश पर फायरिंग की। इधर, जवाब में हरीश के साथ रहने वाले उस क्षेत्र के लोगों ने जवाबी हमला किया। फायरिंग में हरीश के साथी को गोली लगने की भी बात कही जा रही है। इस घटना में भागने के क्रम में सुधीर के भी गिरकर घायल होने की चर्चा है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पहले से चल रहा गैंगवार

सुधीर दुबे और अखिलेश सिंह के बीच चल रही दुश्मनी अब और खतरनाक हो चुकी है। पिछले दिनों जमशेदपुर में सुधीर दुबे गिरोह के कल्लू राय और अखिलेश गिरोह के कन्हैया सिंह के बीच वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग के बाद दोनों के बीच रंजिश और गहरा गई है। घटना के बाद से इस घटना में शामिल हरीश सिंह फरार है। पुलिस अब भी उसकी तलाश कर रही है। इसी बीच उसके बिहार के आरा में छिपे होने और उस पर हमला होने की खबर से पुलिस के भी कान खड़े हो गए हैं। पुलिस अब उसके फोन लोकेशन के आधार पर पर पता लगा रही है।

दोनों गिरोह के बीच हुआ है गैंगवार

अप्रैल के अंत में सीतारामडेरा थाना के नीतिबाग कॉलोनी के पास कल्लू राय और कन्हैया सिंह के बीच गैंगवार हुआ था। इसमें कल्लू राय द्वारा की गई फायरिंग में कन्हैया समेत गिरोह के कुल सात लोग जख्मी हो गए थे। पुलिस ने दोनों ही गिरोह के कई लोगों को पकड़कर जेल भेज दिया है। पुलिस इन गिरोह से जुड़े हर छोटे-बड़े लोगों को टारगेट कर पकड़ रही है।

दोनों गिरोह के लोग काट रहे फरारी

शहर में हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर दोनों ही गैंग की कमर तोड़ दी है। एक के बाद एक गैंग के सदस्यों के पकड़े जाने के बाद गैंग से जुड़े लोग पुलिस से बचते फिर रहे हैं। कई तो इस लॉकडाउन में भी शहर के बाहर जाने में कामयाब हो चुके हैं। कुछ तो अंडरग्राउंड हो चुके हैं, ताकि पुलिस की पकड़ से बचे रहें।