राँची लोकसभा सीट से नामांकन करने पहुंचे उम्मीदवार को लालपुर थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार,भेजा जेल…

 

–देवेंद्रनाथ महतो से पहले राँची पुलिस जयराम महतो को गिरफ्तार करने बोकारो पहुँची थी लेकिन असफल हो कर आई थी

राँची।झारखण्ड के राँची लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल करने समाहरणालय पहुंचे झारखण्डी भाषा खतियान संघर्ष समिति(जेबीकेएसएस) के प्रत्याशी देवेंद्रनाथ महतो को राँची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार 4 मई को करीब 11.30 बजे जब वह राँची लोकसभा सीट से नामांकन करने पहुंचे तो उन्हें समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया है। देवेंद्रनाथ महतो गुपचुप तरीके से आदिवासियों की पारांपरिक कपड़े पहन कर नामांकन करने समाहरणालय पहुंचे थे।

दरअसल,2021 में मोरहाबादी मैदान से जेपीएससी कार्यालय घेराव करने जाने के दौरान हंगामा हुआ था।इस मामले में देवेंद्रनाथ महतो को गिरफ्तार किया गया है। जेपीएससी घेराव मामले में लालपुर थाने में केस संख्या 251/21 दर्ज हुआ था।इस मामले में देवेंद्रनाथ महतो के अलावा कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

मुझे नॉमिनेशन करने से रोकने की साजिशः देवेंद्र महतो

गिरफ्तारी के बाद लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र महतो ने कहा कि वह जैसे ही नॉमिनेशन करने के लिए समाहरणालय पहुंचे, उन्हें नॉमिनेशन नहीं करने दिया गया। पुलिस ने जबरन समाहरणालय परिसर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस और भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या करने का लगाया आरोप

देवेंद्र महतो ने कांग्रेस और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से लोकतंत्र की हत्या है।उन्हें नॉमिनेशन नहीं करने दिया जा रहा है, लेकिन जनता सच्चाई से वाकिफ है।लोकसभा चुनाव में राँची की जनता जवाब जरूर देगी।

कोर्ट में पेश करने के बाद देवेंद्र महतो को भेजा गया जेल

गिरफ्तार देवेंद्र महतो का सदर अस्पताल राँची में मेडिकल जांच कराया गया इसके बाद उन्हें रांची सिविल कोर्ट के एमपीएमएलए कोर्ट में पेश किया है।जहां से उन्हें न्यायायिक हिरासत में सीधा जेल भेज दिया गया है।कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस की ओर से सिविल कोर्ट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।पूरा कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

देवेंद्र के वकील ने नॉमिनेशन फाइल करने के लिए कोर्ट से मांगी अनुमति

वहीं सुनवाई के दौरान देवेंद्र महतो के साथ उनके वकील भी मौजूद रहे।कोर्ट में उन्होंने आग्रह किया कि उनके मुवक्किल को नॉमिनेशन फाइल करने की अनुमति दी जाए।जिसके बाद न्यायाधीश की तरफ से उनके प्रस्तावक को पेश होने के लिए कहा गया है।

इधर 2022 विधानसभा घेराव मामले में राँची पुलिस को जयराम महतो की भी तलाश थी।बोकारो में राँची पुलिस नामांकन के दौरान जयराम को गिरफ्तार करने पहुंची तो जयराम ने गिरफ्तारी देने से इंकार कर दिया। जयराम ने पहले कहा कि वह चुनावी सभा को संबोधित करके गिरफ्तारी देंगे लेकिन समर्थकों के बीच जाकर उन्होंने गिरफ्तार होने से मना कर दिया। इस दौरान राँची पुलिस और जयराम के समर्थकों के बीच जमकर बहस हुई।अंत में राँची पुलिस को बेरंग लौटना पड़ा था। जयराम को गिरफ्तार ने कर पाने को लेकर राँची पुलिस की जमकर फजीहत हुई थी।

हाल के दिनों में ऐसे कई मामले देखने को मिल रहे जिसमें प्रत्याशियों के पुराने मामले को लेकर पुलिस उनके दरवाजे पर दस्तक दे रही है। चुनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में ऐसे और कई मामलों सामने आ सकते हैं।