झाविमो का भाजपा में विलय का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास, 17 फरवरी को होगा विलय

बाबूलाल मरांडी ने कहा- भाजपा में झाविमो के विलय पर वे पार्टी की राय के साथ खड़े रहेंगे

17 फरवरी को जगन्नाथपुर मैदान, धुर्वा होगा झाविमो के विलय समारोह का स्थान

रांची : झाविमो की केंद्रीय कार्यसमिति की अंतिम बैठक मंगलवार चिरौंदी स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में हुई। इस बैठक के दौरान भाजपा में झाविमो के विलय का प्रस्ताव लाया गया, जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इसकी पहले ही संभावना अधिक थी कि यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जाएगा। 17 फरवरी को झाविमो का भाजपा में विलय होगा।

इससे पूर्व साेमवार शाम को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की डिबडीह स्थित जेवीएम के प्रधान कार्यालय में बैठक हुई थी। इसमें पार्टी प्रमुख बाबूलाल मरांडी के अलावा प्रधान महासचिव अभय सिंह, उपाध्यक्ष विनोद शर्मा आदि थे। पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में राजनीतिक प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया। रविवार देर शाम रांची पहुंचे बाबूलाल मरांडी साेमवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। पत्रकारों के सवालों के जवाब में मरांडी ने कहा था कि वे अब तक पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं के साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे। मंगलवार को भी ऐसा ही होगा।

प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के निष्कासन के बाद विलय की राह आसान

विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के निष्कासन के बाद जेवीएम का भाजपा में विलय की राह आसान हो गई है। ये दोनों नेता विलय के विरोध में थे। नई केंद्रीय कार्यसमिति के सभी लोगों को बैठक में भाग लेने की सूचना दी गई थी।

धुर्वा में होगा भव्य समारोह

भाजपा में झाविमो के विलय के बाद पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने रांची प्रवास के दौरान इसका संकेत दिया था। विधायकों के साथ बैठक करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह के साथ संतोष ने एक-एक विधायक से राय ली। इधर, झाविमो के विलय समारोह का स्थान और समय भी तय हो गया है। जगन्नाथपुर मैदान, धुर्वा में 17 फरवरी को दोपहर एक बजे झाविमो का विलय भाजपा में होगा। गृह मंत्री अमित शाह की माैजूदगी में झाविमाे प्रमुख बाबूलाल मरांडी इसकी घाेषणा करेंगे। इस दाैरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर भी माैजूद रहेंगे।