Jharkhand:चोर बताकर ग्रामीणों ने युवक को पीट पीटकर मार डाला,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के खेतको गांव में ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी।बताया गया कि आरोप यह था कि युवक अपने साथियों के साथ गुरुवार की रात चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए एक घर में घुसा था। इसी दौरान सामान गिरने से आवाज हुई। घर के लोग जग गए। तीनों युवकों ने भागने का प्रयास किया। शोर सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने इनमें से एक को पकड़ लिया। भीड़ ने इसे बुरी तरह पीटा। इसमें युवक की मौत हो गई।इधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 ग्रामीणों पर नामजद मामला दर्ज करते हुए आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस घटना के सम्बन्ध में एसडीपीओ नौशाद आलम ने बताया कि इस घटना में मरने वाले युवक की पहचान सुनील पासी,पिता रामानंद पासी के रूप में की गई है। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष थी। इस मामले में 14 लोगों पर नामजद एफआइआर दर्ज की गई है। इसमें से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।जगदीश महतो,दशरथ महतो,नारायण महतो,गजाधर महतो, धनश्याम महतो व हीरालाल महतो शामिल हैं। आरोप है कि युवक दशरथ महतो के घर चोरी के उद्देश्य से घुसा था।

बताया गया कि गिरिडीह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हाल के कुछ दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे लोग काफी परेशान है। पुलिस में मामला दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण इलाकों में आक्रोश बढ़ रहा है। गुरुवार को जैसे ही लोगों को जानकारी मिली कि गांव में चोर प्रवेश कर गए हैं। ग्रामीण लाठी-डंडें के साथ जुट गए। इसी दौरान तीन युवक एक घर से भागते हुए दिखे। ग्रामीणों ने तीनों का पीछा गया। इस दौरान एक युवक उनके हत्थे चढ़ गया। इसे आक्रोशित लोगों ने खूब पीटा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने युवक को गांव से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक की जांच करने के बाद इसे मृत घोषित कर दिया।