तेज रफ्तार का तांडव: मिशन अस्पताल के पास बेकाबू कार ने मचाई तबाही, आधा दर्जन से अधिक घायल

हजारीबाग।शहर के मिशन अस्पताल के समीप रविवार देर रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। तेज गति से दौड़ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को कुचलते हुए बिजली के पोल और चापाकल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। कार चालक भी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण कार सीधे सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेती हुई पोल और चापाकल से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और राहत कार्य में सहयोग किया।उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। लोगों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और नशे की स्थिति में वाहन चलाने से हर हाल में बचना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

