फुटबॉल मैच बना बवाल की वजह, मैदान से थाने तक पहुंचा विवाद; पुलिस ने कराई सुलह

जमशेदपुर।जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह मेडिकल बस्ती में रविवार शाम फुटबॉल मैच के दौरान शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मामला इतना बढ़ा कि देर रात में दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और वहां भी जमकर बहस हुई। हालांकि पुलिस की सूझबूझ से आखिरकार विवाद का शांतिपूर्ण अंत हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार,रविवार शाम धतकीडीह मेडिकल बस्ती में आयोजित फुटबॉल मैच के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले तीखी नोकझोंक हुई। कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिससे मैदान में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर तत्काल काबू पा लिया।
मामला यहीं नहीं थमा। रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों के लोग बिष्टुपुर थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान थाने में भी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत की गई और उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। पुलिस की पहल सफल रही और आखिरकार दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते पर राजी हो गए।
पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। समझौते के बाद सभी लोग शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए।पुलिस ने अपील की है कि खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ी और दर्शक दोनों संयम बनाए रखें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

