शिकायतों और विवादों में घिरे चास CO सेवा राम साहू पर गिरी गाज, सरकार ने किया सस्पेंड
राँची। बोकारो जिले के चास अंचल अधिकारी सेवा राम साहू पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार से जुड़ी लगातार शिकायतों और कथित आपत्तिजनक वायरल ऑडियो के मामले में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करने का आदेश दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।निलंबन अवधि के दौरान सेवा राम साहू का मुख्यालय दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय, राँची में निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
वायरल ऑडियो में बातचीत पर विभाग को ऐतराज
विभागीय जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आने की बात कही गई है। इनमें चास अंचल अधिकारी और जेबीवीएनएल, राँची से जुड़े अनंत कुमार नामक व्यक्ति के बीच बातचीत का एक ऑडियो क्लिप भी शामिल है। विभाग ने इस बातचीत को प्रथम दृष्टया आपत्तिजनक माना। इसके बाद मामले में कार्रवाई का फैसला लिया गया।
युवक से धक्का-मुक्की का वीडियो भी हुआ था वायरल
चास अंचल कार्यालय से जुड़ा एक वीडियो भी हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था। इसके अलावा जमीन से जुड़े मामलों में एकपक्षीय कार्रवाई करने की शिकायतें भी विभाग तक पहुंच रही थीं। लगातार मिल रही शिकायतों और सामने आए साक्ष्यों के बाद विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है।
अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चास अंचल कार्यालय में बिना पैसे दिए काम कराना मुश्किल होता था। सरकार की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई है। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता विभागीय जांच के निष्कर्षों से ही स्पष्ट होगी।सेवा राम साहू के निलंबन को अंचल कार्यालय में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

