सरायकेला के चांडिल में पुलिस को चुनौती…थाना के बगल में हथियारबंद डकैतों का तांडव, परिवार को बंधक बना लाखों के गहने लूटे
सरायकेला। झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में अपराधियों के दुस्साहस ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बस स्टैंड के समीप स्थित पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में 7-8 नकाबपोश बदमाशों ने आधी रात धावा बोल दिया। बंदूक और अन्य हथियारों के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये के कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
आधी रात घर में घुसे 7-8 नकाबपोश बदमाश
परिजनों के मुताबिक, घटना बीती रात करीब एक से ढाई बजे के बीच की है। सुरेश चौधरी के बेटे उमंग चौधरी ने बताया कि 7-8 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर घर के मुख्य रास्ते से अंदर घुसे। बदमाशों के हाथों में बंदूक और अन्य हथियार थे। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि बदमाश नकदी भी लूटकर ले गए हैं। हालांकि, लूटे गए सामान और नकदी की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
थाना के इतने करीब वारदात, सुरक्षा पर उठे सवाल
चांडिल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि थाना के इतने करीब हथियारबंद अपराधी घर में घुसकर डकैती को अंजाम दे गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस बदमाशों की पहचान करने के साथ उनके आने-जाने के रास्तों समेत वारदात से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पहले चांडिल बाजार में थी सोने-चांदी की दुकान
सुरेश चौधरी चांडिल बाजार बस स्टैंड के निवासी हैं। वह पहले चांडिल बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने व्यवसाय बंद कर दिया है। इसके बावजूद उनके घर में आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें बदमाशों ने निशाना बनाया।
डकैती के बीच पत्रकार ने लौटाई करीब दो लाख की सोने की चेन
इस घटना के बीच इंसानियत और ईमानदारी की एक मिसाल भी सामने आई। वारदात की जानकारी मिलने के बाद समाचार संकलन के लिए मौके पर पहुंचे स्थानीय अखबार के वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश कुमार को सुरेश चौधरी के घर की गली में सोने की एक चेन मिली। बताया जा रहा है कि चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये है।प्रकाश कुमार ने चेन अपने पास रखने के बजाय सुरेश चौधरी के बेटे उमंग चौधरी को लौटा दी। डकैती में आभूषण गंवाने वाले परिवार के लिए चेन वापस मिलना राहत भरा रहा। उमंग चौधरी ने पत्रकार की ईमानदारी के लिए उनका आभार जताया। एक ओर हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को दहशत में डाल दिया, वहीं दूसरी ओर पत्रकार के इस कदम ने ईमानदारी की मिसाल पेश की।
पुलिस जुटी जांच में, अपराधियों की गिरफ्तारी चुनौती
चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी पहलुओं पर पड़ताल करते हुए घटना से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि थाना से महज 100 मीटर दूर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कौन हैं और वे पुलिस की पकड़ से कब तक बाहर रहते हैं।

