‘कामवाली’ बनकर आई और साफ कर गई अलमारी, सवा घंटे में 5 लाख के जेवर पार

 

राँची।राजधानी राँची के पॉश इलाके सिंह मोड़ स्थित सुशील रेजिडेंसी में चोरी की एक हैरतअंगेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।एक अज्ञात महिला घरेलू सहायिका बनकर फ्लैट में घुसी और महज सवा घंटे के भीतर अलमारी से करीब 5 लाख रुपये के सोने के गहने पार कर फरार हो गई।पीड़िता रीता होरो की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार,लटमा रोड स्थित ब्लॉक-बी के फ्लैट नंबर 205 में रहने वाली रीता होरो के घर बुधवार सुबह करीब 8:40 बजे एक महिला काम मांगने के बहाने पहुंची।घर के सदस्य उस समय अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी का फायदा उठाकर महिला ने मौका देखा और कमरे में रखी अलमारी का लॉक खोलकर उसमें रखे गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

रेकी कर चोरी की आशंका

आरोपी महिला अलमारी से एक सोने की चेन,चार जोड़ी सोने के झुमके और टप्स लेकर फरार हो गई। अनुमान है कि चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 5 लाख रुपये है। महिला सुबह 8:40 बजे घर में दाखिल हुई और करीब 10 बजे तक वहीं रही। इस दौरान उसने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया, जिससे किसी को शक तक नहीं हुआ।

घटना की जानकारी पीड़िता को उसी दिन नहीं हो सकी। अगले दिन जब उन्होंने अपनी दराज खोली,तो गहने गायब देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।आशंका है कि महिला ने पहले से इलाके की रेकी की थी और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

error: Content is protected !!