बोकारो:9 महीने बाद मिला पुष्पा महतो का नरकंकाल…शादी के दबाव में प्रेमी दिनेश ने ही रेता था गला…चार सब-इंस्पेक्टर सहित पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह गांव की 18 वर्षीय पुष्पा महतो की गुमशुदगी और हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।करीब नौ महीने से न्याय का इंतजार कर रहे परिजनों को तब झटका लगा जब उन्हें पता चला कि पुष्पा की हत्या उसके प्रेमी दिनेश कुमार महतो ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जंगल से मृतका का नरकंकाल, कपड़ों के अवशेष और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।वहीं इस मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है।पाँच पुलिस वाले को सस्पेंड कर दिया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि पुष्पा 21 जुलाई 2025 से लापता थी।आरोपी दिनेश और पुष्पा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।पुष्पा लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर दिनेश ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने पुष्पा को चास कॉलेज बुलाने के बहाने झांसा दिया और वहां से पास के जंगल ले गया, जहां चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।
मामले का खुलासा न होने के कारण यह केस झारखण्ड हाईकोर्ट तक पहुंच गया था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे। यहां तक कि सीआईडी डीआईजी संध्या रानी मेहता को भी जांच के लिए पहुंचना पड़ा था। अंततः एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक नई एसआईटी का गठन किया गया।तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर जब दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने महज 12 घंटे के भीतर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
घटनास्थल से नरकंकाल और बालों के अवशेष बरामद होने के बाद मामले की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए एएफएसएल (AFSL) टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अब डीएनए टेस्ट और अन्य वैज्ञानिक विधियों के जरिए साक्ष्य जुटा रही है ताकि कोर्ट में आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके।
इधर लापता पुष्पा मामले की जांच में असंवेदनशीलता बरतने वाले थाना प्रभारी अभिषेक रंजन, केस के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अनिकेत कुमार, एसआईटी में शामिल सब इंस्पेक्टर विवेक पांडे, सब इंस्पेक्टर अनिल यादव व मुंशी अक्षय कुमार को एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को सस्पेंड कर दिया है।साथ ही कहा है कि किसी भी पुलिस अधिकारियों का गहरा संबंध हत्यारे से मिला तो उसकी सेवा बर्खास्त के लिए भी मुख्यालय को लिखेंगे। युवती की हत्यारा दिनेश महतो कई लड़कियों के संपर्क में था। अब तक की जांच में 23 सिम कार्ड की जानकारी मिली है, जो चौंकाने वाला है। यह जानकारी कैंप दो स्थित कार्यालय में पत्रकारों को एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को दी।
हड्डी के 19 टुकड़े बरामद किए गए:
एसपी ने बताया कि घटनास्थल से हत्या में उपयोग किया चाकू, घटना के दिन मृतिका का पहना हुआ कपड़ा, अभियुक्त का चार मोबाइल, मृतका के सिर के बाल में लगा रबर बैंड, शरीर के हड्डी के 19 टुकड़े बरामद किए गए। पुष्पा की हत्या से जुड़े अन्य पौधों की जांच की जा रही है। मामले की जांच एसआईटी में शामिल सिटी डीएसपी आलोक रंजन, बीएस सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास, बालीडीह इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, चीरा चास थाना प्रभारी पुष्पराज व सब इंस्पेक्टर विक्रम कुमार कर रहे हैं।

