राजधानी राँची में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो अपराधी गिरफ्तार,पुलिस ने सड़कों पर कराया परेड…..

 

राँची।राजधानी राँची के अलग-अलग क्षेत्रों में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों अपराधी अभिषेक कुमार सिंह और सोनू सिंह उर्फ सोनू सरदार पुराने अपराधी हैं। दोनों आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे मामलों में पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि हाल के दिनों में जगन्नाथपुर और तुपुदाना इलाके में रात के समय जहां तहां अपराधियों के द्वारा फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।मामला सामने आने के बाद हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।इसी बीच पुलिस की टीम को यह सूचना मिली कि जगन्नाथपुर इलाके में ही दो अपराधी लोडेड पिस्तौल के साथ देखे गए हैं।जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम एक्टिव हुई और घेराबंदी कर दोनों अपराधियो अभिषेक कुमार सिंह और सोनू सरदार को धर दबोचा। पुलिस की टीम अगर दोनों अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं करती तो उस दौरान भी वह फायरिंग कर दहशत फैलाने के लिए ही घर से निकले थे।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, कारतूस और स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। दोनों अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास है।अभिषेक कुमार सिंह रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मामले में बिहार से भी जेल जा चुका है।अभिषेक के खिलाफ राँची के कई थानों में मामले दर्ज हैं।वहीं सोनू सरदार आर्म्स के मामले में धुर्वा थाने के द्वारा पूर्व में जेल भेजा गया था। अभिषेक और सोनू आदतन अपराधी हैं।जेल से निकलने के बाद भी दोनों आपराधिक वारदातों को लगातार अंजाम देते आए हैं।

बताया गया कि पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि अभिषेक और सोनू इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। फायरिंग कर दोनों कारोबारियों के मन में दहशत पैदा करना चाह रहे थे, ताकि उन्हें आसानी से रंगदारी मिल सके।इधर गिरफ्तार दोनों अपराधी को इलाके में सड़क पर पैदल घुमाया।