गिरिडीह: पचंबा के रानीखावा गांव में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत

गिरिडीह।गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गांव के पास स्थित तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बालकों की अकाल मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के पुत्र प्रेम रजक के रूप में की गई है।
कमल का फूल तोड़ने गए थे बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे हार्दिक और प्रेम अपने एक अन्य साथी के साथ सड़क किनारे स्थित तालाब के पास गए थे। दोनों बच्चे तालाब से कमल का फूल निकालने के उद्देश्य से पानी में उतरे थे।तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों अचानक गहरे पानी में समा गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद तीसरे बच्चे ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गांव की ओर दौड़ लगाई और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
ग्रामीणों ने बाहर निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तालाब में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी स्थिति काफी गंभीर हो चुकी थी।
मामले की जानकारी पचंबा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और गांव में मातम
पचंबा थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो मासूमों की एक साथ हुई दर्दनाक मौत से रानीखावा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके घर पर सांत्वना देने वाले ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

