गोड्डा में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद,दो गिरफ्तार

 

 

गोड्डा।जिले के मेहरमा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों भोला पंडित (30 वर्ष) और अभिषेक कुमार (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर अलग-अलग मामलों में चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक मोटरसाइकिल, दो मास्टर चाबियां और दो मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहरमा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में सक्रिय भोला पंडित अपने साथी अभिषेक कुमार के साथ भगैया क्षेत्र में बाइक चोरी करने के इरादे से पहुंचा है। सूचना मिलते ही विशेष छापामारी दल का गठन कर कार्रवाई की गई और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गोड्डा और साहिबगंज जिले के अलावा बिहार के भागलपुर जिले के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई बाइकों को भागलपुर जिले के आसपास के इलाकों में ले जाकर अज्ञात लोगों को बेच दिया जाता था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें—
हीरो स्प्लेंडर प्लस – 6
हीरो सुपर स्प्लेंडर – 4
हीरो ग्लैमर – 2
हीरो HF डिलक्स – 1
मास्टर चाबी – 2
विवो कंपनी के मोबाइल – 2
शामिल हैं।

भोला पंडित का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी भोला पंडित का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ गोड्डा, साहिबगंज और भागलपुर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।वहीं, अभिषेक कुमार के खिलाफ भी वर्ष 2026 में मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कई जिलों में फैला था चोरी का नेटवर्क
पुलिस की कार्रवाई से सामने आया कि यह गिरोह केवल गोड्डा तक सीमित नहीं था, बल्कि गोड्डा और साहिबगंज से लेकर बिहार के भागलपुर तक मोटरसाइकिल चोरी और बिक्री का नेटवर्क संचालित कर रहा था। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच 12 मोटरसाइकिलों की एक साथ बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।इस कार्रवाई से चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद भी बढ़ गई है।

विशेष छापामारी दल ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई मेहरमा थाना प्रभारी पु०अ०नि० सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। टीम में बोआरीजोर, बलबड्डा, ठाकुरगंगटी, बसंतराय और हनवारा थाना के थाना प्रभारी समेत मेहरमा थाना के पुलिस पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक और रिजर्व गार्ड शामिल रहे।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से बाइक चोरी के मामलों में संलिप्त गिरोहों में हड़कंप मच गया है। अब पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के आधार पर संबंधित कांडों का मिलान कर रही है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों तथा चोरी की बाइक खरीदने वालों तक पहुंचने की दिशा में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

error: Content is protected !!