शादी के एक दिन बाद ही दूल्हे की करंट लगने से दर्दनाक मौत……

डेस्क टीम:उत्तरप्रदेश के मैनपूरी जिले के नगला कंस गांव में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक की दो दिन पहले ही शादी हुई थी।अब शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गई हैं। पति की मौत से नवविवाहिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।खबर के अनुसार,मैनपुरी के नगला कंस गांव में दो दिन पहले तक जहां खुशियों का माहौल था और अब पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। यहां रहने वाले जनवेद सिंह का इकलौता बेटा सोनू BA का छात्र था।सोनू का रिश्ता किसनी थाना इलाके के नगला सदा (सौज) गांव में रहने वाली आरती के साथ तय हुआ था।11 मई को सोनू गाजे बाजे के साथ बारात लेकर किसनी पहुंचा।वहां एक मैरिज हॉल में सोनू और आरती की शादी बड़े ही धूमधाम के साथ हुई।सोनू नई-नवेली दुल्हन की विदा कराकर अपने घर नगला कंस ले आया।

दुल्हन के आने पर घर में खुशियों का माहौल था। तमाम रिश्ते-नातेदार शादी में शामिल थे। घर में शादी के बाद के कार्यक्रम भी चल रहे थे। इसी बीच पावर कट यानी बिजली गुल हो गई।घर में मौजूद मेहमानों गर्मी से बेचैन होने लगे।यह देख दूल्हा सोनू इन्वर्टर का तार लगाने लग गया। तभी उसे जोरदार करंट लगा और वो बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। तुरंत सोनू को सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सोनू की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतर पाई थी और उससे पहले ही वो विधवा हो गई।पोस्टमार्टम करवाकर शव को गांव लाया गया. गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।सोनू की मौत के कारण पूरे गांव के किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला।युवक की असामयिक मृत्यु को लेकर पुलिस थाने तक कोई बात नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी के 1 दिन बाद ही दूल्हे की मौत की सूचना पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दूल्हे के घर पहुंचे। जहां वे दूल्हे के माता-पिता और परिजनों से मिले। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। उन्हें आश्वासन दिया की अगर उनकी जरूरत पड़े तो वह हर संभव मदद करने के लिए तैयार रहेंगे।उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया यह दुखद घटना दोनों परिवारों के लिए असहनीय है। मां का दुख अलग है और बेटी का दुख अलग है। मां ने बेटे को खोया है तो वहीं दुल्हन बनकर आई आरती ने अपना पति खोया है। दोनों का दुख समझ पाना कठिन है। दोनों परिवारों के लिए कठिन है। इस दुखद घटना के समय जो भी मदद होगी वह हम करेंगे।