तंत्र-मंत्र के आरोप में आधा दर्जन लोगों की जमकर पिटाई,बनाया बंधक,पुलिस ने छुड़ाया,अस्पताल में भर्ती…

साहिबगंज।झारखण्ड में साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के सोगले टोला के ग्रामीणों ने मंगलवार की रात झाड़ फूंक करने वाले आधा दर्जन लोगों को पकड़ लिया। जमकर उनकी पिटाई की और रातभर बंधक बनाए रखा। सुबह में पुलिस ने उन्हें मुक्त कराकर बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सोगले गांव के युवक 25 वर्षीय मोहन मुर्मू उर्फ तल्लू ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह अपने घर से निकल कर बाहर टहल रहा था। उसी वक्त गांव की ही बड़की मुर्मू उसे बुलाकर घर के पीछे ले गई।

मोहन मुर्मू का कहना है कि घर के पीछे छह लोग तंत्र-मंत्र कर रहे थे। उसके पहुंचते ही सभी ने मिलकर पकड़ कर उसके बाल काट दिए एवं अंगुली में रिंग पहना दिया। रिंग पहनते ही वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद थोड़ा होश आने पर अंगुली से उसने रिंग खोल कर फेंक दिया। रिंग खुलते ही उसे होश आ गया। इसके बाद उसने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।


ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र करने वाले लोगों को पकड़ कर मंझवैय के ग्राम प्रधान तल्लू मुर्मू को सौंप दिया। तंत्र मंत्र का सामान बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे गए।भीड़ को देखकर ग्राम प्रधान सभी को अपने घर में छिपा लिया तथा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरंजन कच्छप के निर्देश पर पुअनि सुषमा कुमारी, करुण कुमार राय, बीरवल यादव दल-बल के साथ सोगले टोला पहुंचे और सभी को मुक्त कराकर अस्पताल में भर्ती कराया।पकड़े गए लोगों में बाघमुंडी का रागा बास्की, मरांग कुड़ी व मरांगमय मुर्मू, सोगले का कल्लू टुडू व बड़की मुर्मू तथा बनगावा की तालाकुड़ी मुर्मू शामिल है। रागा बास्की ने बताया ने बड़की मुर्मू ने उनलोगों को तत्र मंत्र करने के लिए बुलाया था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।