Bokaro:चलती ऑटो में अश्लील वीडियो दिखा महिला से छेड़खानी,महिला ऑटो से कूदी,हुई घायल,पुलिस छानबीन में जुटी है

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के कसमार में दिनदहाड़े एक महिला से ऑटो में छेडख़ानी करने से तंग आकर महिला ने 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही आटो से कूद गई। ऑटो से कूदने के बाद घायल हो गई है।महिला के दो दांत टूट गए। हाथ की हड्डी भी टूटी है। पीडि़त महिला ने कसमार थाना में शिकायत की है। पुलिस उस इलाके के सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि ऑटो और युवक की पहचान की जा सके।समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है।

मिली जानकारी के अनुसार,महिला तेजस्विनी परियोजना में युवा उत्प्रेरक है। इसी संस्था की बैठक में शामिल होने वह सुबह आटो से जा रही थी। महिला के बगल में बैठा युवक मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखा रहा था। लगातार महिला का शरीर छू रहा था। महिला ने मना किया तो भी युवक नहीं माना। आटो में और लोग भी बैठे थे। युवक के तेवर देख और यात्रियों ने कुछ कहने से परहेज किया। पोंडा पंचायत सचिवालय के समीप डर से महिला चलती आटो से कूद गयी। मुंह के बल महिला गिरी थी। पूरा चेहरा लहूलुहान हो गया। महिला के कूदने के बाद आटो चालक भाग गया। इसके बाद महिला ने अपने सहयोगियों को बुलाया। सीधे थाना गई।

इधर कसमार थाना प्रभारी ने कहा कि महिला ने आटो में छेडख़ानी किए जाने की शिकायत की है। घटना स्थल के पास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैैं। उनके फुटेज के आधार पर छानबीन की जाएगी। युवक को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।