चलती बस में अचानक हुआ बैटरी ब्लास्ट, आग के बीच फंसे 40 यात्री, तीन महिलाएं बेहोश
बांका। गोड्डा से भागलपुर जा रही यात्रियों से भरी ‘श्रीहरि’ बस मंगलवार की अहले सुबह चीर नदी पुल पर अचानक आग का गोला बन गयी। चलती बस में चालक के पास रखी बैटरी से निकली चिंगारी के बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस के अंदर धुएं का ऐसा गुबार भर गया कि यात्रियों की सांसें अटकने लगीं। इस दौरान तीन महिलाएं बेहोश हो गयीं। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में करीब 36 से 40 यात्री सवार थे। बस गोड्डा से भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पंजवारा स्थित चीर नदी के उच्चस्तरीय पुल पर चालक के पास रखी बैटरी से अचानक चिंगारी निकलने लगी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बैटरी में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैलने लगी।
खिड़कियां बंद, बस के अंदर धुएं से मची चीख-पुकार
आग लगते ही बस में बैठे यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी। बस की खिड़कियों के शीशे बंद होने के कारण अंदर धुआं भरता चला गया। यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। दम घुटने से तीन महिलाएं बेहोश हो गयीं। चारों तरफ चीख-पुकार मच गयी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला। बेहोश महिलाओं समेत घायलों को इलाज के लिए गोड्डा अस्पताल भेजा गया।
एक घंटे बाद पहुंची दमकल, तब तक राख हो चुकी थी बस
इस अगलगी में यात्रियों के बैग, कपड़े, कीमती सामान और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गये। बताया जा रहा है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। तब तक आग पूरी बस को निगल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार, घंटों बाधित रहा आवागमन
चीर नदी पुल के बीचों-बीच यात्री बस में आग लगने से गोड्डा-पंजवारा मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सुबह-सुबह हुई इस घटना के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर यात्री बसों में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने बसों में सुरक्षित वायरिंग, बैटरी व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता पर सवाल उठाये हैं। सवाल यह भी है कि अगर आग लगने के शुरुआती क्षणों में बस में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध होते, तो क्या इतनी बड़ी क्षति को रोका जा सकता था?
फिलहाल इस घटना में यात्रियों की जान बच जाना राहत की बात है, लेकिन उनकी आंखों के सामने जिंदगी भर की कमाई से खरीदा सामान जलकर राख हो गया।

